इंदौर ।
एरोड्रम थाना क्षेत्र के विद्या पैलेस कॉलोनी के गेट के पास एक युवक ने पैदल जा रही युवती का रास्ता रोककर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर
लिया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी प्राची पिता भरत सावनेर, निवासी सुविधी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह विद्या पैलेस कॉलोनी के गेट के पास से पैदल गुजर रही थी तभी वहां इलाके में रहने वाला आरोपी वरुण पिता सुनील पवार आया और बिना किसी कारण के फरियादी को गालियां देने लगा।जब फरियादी ने आरोपी को गाली देने से मना किया और विरोध जताया, तो आरोपी तैश में आ गया और उसके साथ हाथापाई करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से घबराकर युवती शोर मचाने लगी। चिल्लाने की आवाज सुनकर जैसे ही आसपास के लोग इकट्ठा हुए, आरोपी वहां से भाग निकला।पीड़िता ने बताया कि भागते समय आरोपी ने उसे डराते हुए धमकी दी कि ‘आज के बाद अगर तू यहाँ से निकली, तो मैं तुझे जान से खत्म कर दूँगा।’
