इंदौर ।
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के लालबहादुर शास्त्री नगर में घर के आंगन में बैठकर हिसाब-किताब कर रही महिला स्वसहायता समूह की सदस्यों के बीच घुसकर दो बदमाशों ने रुपयों से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक, वारदात शनिवार शाम करीब ५:३० बजे की है। फरियादी शीला पति नारायण खड़तल और समूह की अन्य महिलाएं आंगन में बैठकर संस्था के पैसों का हिसाब-किताब कर रही थीं। झोले में करीब
१ लाख ४ हजार रुपये रखे थे तभी घात लगाकर आसपास घूम रहे दो बदमाश अचानक महिलाओं के बीच पहुंचे और रुपयों से भरा झोला छीनकर पैदल ही गलियों में भाग निकले। एसीपी शिवेंदु जोशी के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिलाओं के शोर मचाने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने देर रात एक संदेही गोटू निवासी घनश्यामदास नगर को हिरासत में ले लिया।पुलिस की पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपी ने अपने दूसरे साथी का नाम भी उगल दिया है। पुलिस की एक टीम फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही छीनी गई पूरी राशि बरामद कर ली जाएगी और मामले का औपचारिक खुलासा कर दिया जाएगा।
