इंदौर
कड़ाके की ठंड के बीच रावजी बाजार क्षेत्र में अलाव तापने जैसी मामूली बात को लेकर दो परिवार आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस कायमी की है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट की यह घटना रविवार रात करीब ९:३० बजे मरीमाता का बगीचा, जबरन कॉलोनी में हुई। यहाँ दो पड़ोसी परिवार अलाव जलाने और तापने की बात को लेकर आमनेसामने आ गए। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।पुलिस ने एक पक्ष से फरियादी विपिन पिता लेखराज वर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी उदय मछी, काव्य, सन्नी और उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। विपिन का आरोप है कि वे अपने घर के बाहर गली में अलाव ताप रहे थे, तभी आरोपियों ने आकर बेवजह विवाद किया और मना करने पर उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। वहीं, पुलिस ने दूसरे पक्ष से फरियादी उदय पिता धर्मराज वर्मा की रिपोर्ट पर आरोपी विपिन वर्मा और अन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उदय का कहना है कि आरोपियों ने ‘अलाव क्यों जलाया’ इस बात को लेकर आपत्ति ली और गालीगलौज करते हुए हमला कर दिया।
