इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर में फोन कॉल न उठाने की मामूली बात पर दो पड़ोसियों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर ईंट और क्रिकेट बेट से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में बुजुर्गों सहित कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस कायमी की है। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत रविवार रात करीब ९:३० बजे दुर्गा नगर पानी की टंकी के पास हुई। पहले पक्ष की फरियादी लक्ष्मी पति दुर्गेश बोड़ाना ने पुलिस को बताया कि विजय पिता लक्ष्मण चौहान ने उसे फोन किया था, लेकिन कॉल न उठाने से नाराज होकर विजय उनके घर के सामने आकर गालियां देने लगा। जब लक्ष्मी और उनकी सास मनुबाई ने विरोध किया, तो विजय के साथ गुड्डू चौहान और अंजू चौहान भी वहां पहुंच गए।लक्ष्मी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने आए उनके ससुर कैलाश और बड़े ससुर मोहन पर ईंटों से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। चंदन नगर पुलिस ने लक्ष्मी की रिपोर्ट पर विजय, गुड्डू और अंजू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष से फरियादी गुड्डू उर्फ बलराम पिता लक्ष्मण चौहान ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुड्डू ने पुलिस को बताया कि जब उसका भाई विजय घर से बाहर भागा, तो वह भी पीछे पहुँचा। वहां लक्ष्मी, कैलाश और मोहन
उसके भाई से मारपीट कर रहे थे। जब गुड्डू ने समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने क्रिकेट बेट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।चंदन नगर पुलिस ने गुड्डू की शिकायत पर लक्ष्मी, कैलाश और मोहन के खिलाफ भी मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
