अवैध गैस कारोबार पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इंदौर, 18 मार्च 2026
इंदौर जिले में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं अवैध कारोबार पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में न्यू लोहा मंडी क्षेत्र में पकड़े गए अवैध गैस गोदाम मामले में आरोपी हरिओम गुप्ता के विरुद्ध आज लसूड़िया थाने में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई गई है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिओम गुप्ता के अवैध गैस गोदाम पर छापा मारा था। इस दौरान मौके से 24व्यावसायिक गैस सिलेंडर एवं 42 घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुल 66 सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त तीन इलेक्ट्रिक मोटर, दो तोल कांटे एवं एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य विभाग की टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध गैस भंडारण एवं कारोबार करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गैस गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकें।
गैस सिलेंडरों के अवैध कारोबार और अवैध भंडारण की सूचना कंट्रोल रूम में कोई भी नागरिक दे सकते हैं। कंट्रोल रूम का दुरभाष नम्बर 0731-2993900,मोबाईल नम्बर 9599504501 तथा 8989711272 है। मोबाइल के व्हाट्सएप पर भी सूचना दी जा सकती है। शिकायत और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
