इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र के हाट बाजार में एक सुनार की दुकान से जेवर से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश उस वक्त बैग उड़ा ले गए जब दुकानदार सामान समेटकर अपनी मां के पास बैग रखकर कार लेन गया था। पुलिस अब हाट बाजार और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह वारदात जवाहर टेकरी, शंकर मंदिर के पास हुई। फरियादी राजेश कुमार पिता जगदीशचंद सोनी (५०), निवासी पल्हर नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजेश हर रविवार की तरह वहां आम रोड पर पलंग और पन्नी बिछाकर चांदी की ज्वेलरी पायल, बिछिया, अंगूठी, कड़े आदि की अस्थाई दुकान लगाते हैं।घटना वाले दिन शाम करीब ६:३० बजे राजेश अपनी मां कमला बाई के साथ दुकान समेट रहे थे। उन्होंने चांदी के जेवर इकट्ठा कर एक बैग में रखे और मां को बैग के पास खड़ा कर खुद अपनी कार लेने के लिए कुछ दूरी पर चले गए। जब राजेश कार लेकर वापस लौटे, तो वहां से चांदी के गहनों से भरा बैग गायब था। राजेश और पड़ोसी दुकानदारों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। चंदन नगर पुलिस ने राजेश की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का मानना है कि बदमाश आसपास ही घात लगाकर बैठे थे और मौका मिलते ही बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
