इंदौर
चंदन नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला के साथ उसके ही नजदीकी रिश्तेदारों ने महज इसलिए मारपीट की और उसे सीढ़ियों से धक्का दे दिया क्योंकि महिला ने नुक्ता मृत्यु भोज के कार्यक्रम के लिए रुपये देने से मना कर दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना सिरपुर बांक स्थित पंचायत वाली गली की है। पीड़िता भूरी पति सलीम पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके काका ससुर अजीज पटेल और नंदोई इस्लाम पटेल दोनों निवासी बाबा की बाग, खजराना रिश्तेदारी में हुई एक गमी (मौत) के कार्यक्रम के सिलसिले में सिरपुर बांक आए थे। रात करीब ९ बजे दोनों आरोपी भूरी के घर पहुँचे। उस वक्त उसके पति काम से बाहर गए थे।आरोपियों ने भूरी से नुक्ते के कार्यक्रम के नाम पर रुपयों की मांग की। जब महिला ने असमर्थता जताते हुए रुपये देने से मना किया, तो आरोपी अजीज और इस्लाम गालियां देने लगे। विरोध करने पर उन्होंने महिला के साथ जमकर मारपीट की और उसे जोर से धक्का दे दिया,
जिससे वह सीढ़ियों से नीचे गिर गई। गिरने के कारण महिला के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।मारपीट के बाद आरोपी जातेजाते महिला को जान से मारने की धमकी दे गए। उन्होंने कहा कि अगर थाने में रिपोर्ट लिखवाई, तो तुम्हें इस घर में रहने नहीं देंगे
और जान से खत्म कर देंगे।
