एम फॉर सेवा की मेजबानी में 11 जनवरी को अभय प्रशाल में “कृष्णम वन्दे”
लाइव कन्सर्ट, गायिका आर्या अम्बेकर करेंगी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध
इंदौर

ऑल इंडिया मूवमेंट फॉर सेवा की मेजबानी में शहर में रविवार 11 जनवरी को शाम 6.30 बजे से रेसकोर्स रोड स्थित अभय प्रशाल के लाभ मंडपम में “कृष्णम वन्दे” भजन संध्या का अनूठा आयोजन होगा। देश की प्रख्यात गायिका एवं अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से अलंकृत सुश्री आर्या अम्बेकर इस आयोजन में अपने भक्ति गीतों और अन्य प्रस्तुतियों से सुधी श्रोताओं को भगवान श्रीकृष्ण पर केन्द्रित संगीत समारोह में मंत्रमुग्ध करने आएंगी।
ऑल इंडिया मूवमेंट फॉर सेवा (एम फॉर सेवा) के प्रदेश प्रमुख स्वामी ऐश्वर्यानंद सरस्वती ने बताया कि सुश्री आर्या अम्बेकर ने संगीत में स्नातकोत्तर उपाधि स्वर्ण पदक के साथ हासिल कर संगीत विशारद में अ.भा. स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। मात्र 2 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने अपने संगीत प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। वे शास्त्रीय संगीत के साथ ही एक प्रशिक्षित साउंड इंजीनियर भी हैं।वर्ष 2009 में सा रे ग म प लिटिल चॅम्प्स की फायनलिस्ट के रूप में आर्या पहली बार संगीत प्रेमियों के सामने आई और उसके बाद 2021 में उन्होंने उसी मंच पर जज के रूप में अपनी जगह बनाई जो एक यशस्वी कीर्तिमान माना जाता है। इस दौरान उन्हें 2025 में महाराष्ट्र राज्य की ओर से सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका, 2023 में फिल्म फेयर पुरस्कार के अलावा जी गौरव पुरस्कार, चंद्रमुखी के गीत बाईगा के लिए भी उन्हें फक्त मराठी पुरस्कार तथा 2021 में जी–टॉकीज द्वारा दशक की सर्वश्रेष्ठ गायिका जैसे बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं।
आदिवासी बच्चों के सहायतार्थ अभियान – वे एम फॉर सेवा द्वारा संचालित एवं स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित निशुल्क आवासीय छात्रावासों में पढ़ने वाले आदिवासी और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए देशव्यापी अभियान पर निकली हैं, उसी श्रृंखला में रविवार 11 जनवरी को वे इंदौर आ रही हैं। वर्तमान में एम फॉर सेवा द्वारा देश के 17 राज्यों में 91 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं जिनमें 67 बालक छात्रावास एवं 24 बालिका छात्रावास शामिल हैं। इनमें 4 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सुश्री आर्या का यह लाइव कन्सर्ट इन बच्चों को शिक्षा, खेल, योग एवं अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के पुनीत उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रदेश में 10 छात्रावास – एम फॉर सेवा से जुड़े स्वामी कृष्णानंद एवं समिति के सदस्य अजय गुप्ता, अशोक बवेजा एवं सुनील मालवीय ने बताया कि मध्यप्रदेश में कुल 10 छात्रालय संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से 2 बालिका और 8 बालक छात्रावास हैं जहाँ 720 छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ये छात्रावास देवास जिले के खातेगांव और खरगोन जिले के बड़वाह के निकट पडाली खुर्द में बालिकाओं के लिए तथा इंदौर में कस्तूरबाग्राम, नर्मदापुरम में मालाखेड़ी, डिंडोरी में विक्रमपुर, देवास जिले के नेमावर में, जबलपुर जिले के तिलवाडापाट, नरसिंहपुर जिले के करेली, कटनी जिले के बडवारा एवं खरगोन जिले के पडाली में बालकों के लिए छात्रालय संचालित किए जा रहे हैं। इनके अलावा खातेगांव में नर्सरी से लेकर बारहवीं तक सीबीएसई स्कूल तथा बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय और खरगोन जिले के पडाली में ही स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम से नर्सरी से बारहवीं तक मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल पाठ्यक्रम पर आधारित आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन सभी संस्थानों में समाजसेवी मनोज कासलीवाल, केवल जुनेजा, जंबू भंडारी, विवेक सिंघल, दिनेश मित्तल, धीरेन्द्र दुबे, सुनील मालवीय सहित आश्रम से जुड़े सहयोगी बंधु नियमित रूप से मार्गदर्शन कर रहे हैं। 11 जनवरी को होने वाले लाइव कन्सर्ट के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
