इंदौर
कनाडिया थाना पुलिस ने शादी समारोहों और अन्य आयोजनों में मेहमान बनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने हाल ही में एक विवाह समारोह से करीब साढ़े ४ लाख रुपये कीमती जेवर और नकदी से भरा पर्स पार किया था। पुलिस फिलहाल आरोपियों को रिमांड पर लेकर शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है। कनाडिया इलाके के भंडारी रिसॉर्ट में बीते २३ दिसंबर को आयोजित एक शादी समारोह में गोवा से आई एक महिला मेहमान का पर्स चोरी हो गया था। महिला अपनी सहेली राधिका पातरेकर के बेटे की शादी में शामिल होने इंदौर आई थी और होटल रामी तरंग में रुकी थी। शादी के दौरान उन्होंने अपना पर्स एक कुर्सी पर रखा था, जिसमें सोने के जेवर, मोबाइल और नकदी कुल कीमत लगभग ४.५ लाख रुपये रखे थे। अज्ञात बदमाश मौका पाकर उसे उड़ा ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने रिसॉर्ट से लेकर शहर के विभिन्न रास्तों पर लगे करीब ५०० सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और रूट मैप तैयार किया, जिससे आरोपियों की पहचान हो सकी।पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर घेराबंदी कर कनिष्क पंथी और सचिन मौर्य दोनों निवासी द्वारकापुरी को गिरफ्तार किया है। वारदात के समय दोनों आरोपी स्कूटर पर सवार होकर रिसॉर्ट पहुँचे थे। थाना प्रभारी कुंदन सिंह मंडलोई ने बताया कि ये बदमाश शातिर हैं और अक्सर बड़े आयोजनों में सूट-बूट पहनकरमेहमानों की तरह दाखिल होते थे ताकि किसी को शक न हो। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से शहर में हुई चोरी की कई अन्य बड़ी वारदातों का खुलासा हो सकता है।
