इंदौर
गुमास्ता नगर स्थित वैष्णव कॉलेज में मंगलवार को छात्रों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कॉलेज परिसर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद छात्र साथियों के साथ शिकायत दर्ज कराने द्वारकापुरी थाने पहुंचे, जहां थाने के भीतर भी हंगामा हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमास्ता नगर स्थित वैष्णव कॉलेज के विद्यार्थीयो का आपस में विवाद हो गया। पुलिस को फरियादी पुनीत पिता मनीष गुंजाल निवासी उषा नगर एक्सटेंशन ने शिकायत दर्ज करवाई कि रस्सी बम फेकने से मना करने की बात को लेकर आदित्य बनेले निवासी प्रजापत नगर, धीरज वर्मा निवासी बालदा कालोनी,कृष अटलासिया निवासी कालानी नगर ,दीपक सेन निवासी द्वारकापुरी और यशवीर वर्मा ने अपशब्द कहे और मारपीट भी की। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक दूसरा पक्ष भी शिकायत दर्ज करने पर अड़ा रहा। दूसरे पक्ष की और से एबीवीपी के छात्र नेता अपने
अन्य साथियों के साथ पहुंचे थे। उनका आरोप यह भी था कि पुलिस द्वारा शिकायत पर तत्काल ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज छात्र नेताओं ने थाने परिसर में करीब आधे घंटे तक हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। थाने में बढ़ते हंगामे की सूचना मिलने पर एसीपी शिवेंदु जोशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और समझाइश दी।
