
इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन नई दिल्ली के मप्र अध्यक्ष गोविंद गोयल ने समाजसेवी एवं सत्यमित्रा समूह के संचालन, पीथमपुर उद्योग संचालक संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अतुल खंडेलवाल को मप्र की युवा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, केन्द्रीय श्रम मंत्रालय दिल्ली के बोर्ड मेम्बर भी हैं तथा प्रदेश के मप्र श्रम कल्याण मंडल के भी बोर्ड मेम्बर के रूप में दोनों बोर्ड में उद्योगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद गोयल एवं संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया है कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर वैश्य समाज को एकजुट करने में हमेशा समर्पित बने रहेंगे। खंडेलवाल ने अगले 3 माह की कार्ययोजना बनाकर प्रदेश के सभी जिलों एवं तहसीलों का दौरा कर कार्यकारिणी का गठन करने और वैश्य समाज के प्रतिभाशाली युवकों को जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर समाजसेवी कमलेश खंडेलवाल, सत्यमित्रा समूह के संचालक राजू प्रमोद खंडेलवाल, श्रम कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष भगवानदास गोंडा, अजय सेंगर, श्याम सुंदर चौकसे, एनएम हरि, अमृत जैन, मुकेश जैन आदि ने शुभकामनाएं और बधाई दी है।
