इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक बदमाश द्वारा कॉलेज बस के ड्राइवरों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोपी रेवती रेंज क्षेत्र में यूनिवर्सिटी की बसों को रोककर शराब पीने के लिए रुपयों की मांग करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, रैनेसा यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक अधिकारी नीरज पिता डी.एस. शिवहरे की शिकायत पर आरोपी अभिषेक चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरियादी ने पुलिस को दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आरोपी अभिषेक चौहान लगातार कॉलेज की बसों को निशाना बना रहा है। घटना गत २७ दिसंबर की सुबह की है, जब यूनिवर्सिटी की बस क्रमांक एमपी-०९ एयू-४९४४ छात्रों को लेकर कॉलेज आ रही थी। बस चालक इरफान शेख ने बताया कि अभिषेक ने बीच रास्ते में बस रोकी और गाली-गलौज करते हुए शराब के लिए पैसों की मांग करने लगा।बदमाश के डर और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए ड्राइवर इरफान ने घबराकर आरोपी के मोबाइल पर ५० रुपये आॅनलाइन ट्रांसफर कर दिए। ड्राइवर ने इसकी जानकारी यूनिवर्सिटी प्रबंधन को दी। जांच में पता चला कि आरोपी केवल एक बस नहीं, बल्कि कॉलेज की कई बसों को रोककर ड्राइवरों से ‘खर्चा-पानी’ के नाम पर अवैध वसूली करता है।यूनिवर्सिटी के अन्य ड्राइवरों इकबाल मोहम्मद, इमरान खान और विजय कौशल ने भी शिकायत की है कि आरोपी अक्सर उनका रास्ता रोकता है और डरा-धमकाकर पैसे वसूलता है।
