इंदौर
कनाड़िया थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह एक सड़क हादसा हो गया। नासिक से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहा एक परिवार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। कनाड़िया ब्रिज पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए, जबकि डंपर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। हादसा सुबह करीब ६ बजे का है। प्रत्यक्षदर्शियों और कार चालक के मुताबिक, एक आयशर वाहन अचानक ओवरटेक करते हुए डंपर के सामने आ गया था। डंपर को बचाने के चक्कर में चालक ने पूरी ताकत से ब्रेक लगा दिए। डंपर के अचानक रुकने के कारण पीछे चल रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सीधे डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। कार में सवार सभी लोग नासिक के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान निलेश वाकले, उनकी पत्नी मेघा वाकले और बेटे अंशू के रूप में हुई है। गनीमत रही कि कार में सवार बेटी माही और चालक हर्षद बालेकर सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ‘जननी एक्सप्रेस’ की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों के अनुसार, निलेश के सिर में गंभीर चोट आई है परिवार शनिवार रात नासिक से किराए की कार लेकर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए निकला था, लेकिन इंदौर पहुँचते ही वे हादसे का शिकार हो गए। कार चालक हर्षद ने पुलिस को बताया कि डंपर चालक ने अत्यंत लापरवाही से अचानक ब्रेक लगाए थे, जिससे कार को नियंत्रित करने का मौका नहीं मिला।
