इंदौर।
पलासिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सांवरिया पार्क के पास से एक शातिर बदमाश को धारदार खटकेदार चाकू के साथ दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है। पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र रघुवंशी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के ‘शैडो एरिया’ में लगातार सर्चिंग की जा रही थी। हाल ही में पुलिस द्वारा ली गई मोहल्ला मीटिंग के दौरान नागरिकों ने जिन संदिग्ध स्थानों की जानकारी दी थी, पुलिस वहां औचक भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सांवरिया पार्क के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा और पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक अवैध धारदार खटकेदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सत्यम पिता पूनमचंद बोरासी, निवासी बड़ी ग्वाल टोली के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी सत्यम एक आदतन अपराधी है उस पर थाना तुकोगंज में हत्या जानलेवा हमले का गंभीर मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना तिलक नगर में भी उसके खिलाफ मारपीट के कई प्रकरण दर्ज हैं। पलासिया पुलिस की इस सतर्कता से निश्चित ही क्षेत्र में होने वाली किसी बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है।
