श्री जीणधाम ट्रस्ट की मेजबानी में काशी की बेटी ने चार घंटे तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा – महक उठा मातारानी का दरबार
इंदौर

एबी रोड, राजीव गांधी चौराहा स्थित द मीरा गार्डन पर रविवार को हजारों साधकों ने अपनी आराध्या जीण माता के मंगल पाठ का दिव्य आयोजन तो किया ही, समूचे परिसर और मां के दरबार को इतने चित्ताकर्षक और मनोहारी स्वरूप में श्रृंगारित किया कि दर्शन करने पहुंचे लोग जहां के तहां थम गए। हजारों मोबाइल कैमरों ने इस मनोहारी श्रृंगार के मनभावन दृश्यों को कैद किया। मातारानी के दरबार की दिव्यता और भव्यता में 108 मीटर चुनरी और 108 मीटर गजरे ने भी चार चांद लगा दिए। काशी की बेटी के नाम से प्रख्यात वाराणसी से आई मंगल पाठ वाचिका श्रीमती पायल अग्रवाल ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से करीब छह घंटे तक इस उत्सव में आए मालवांचल के हजारों भक्तों को सम्मोहित बनाए रखा।
श्री जीण धाम ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस मंगल पाठ में इस बार भी अनेक विशेषताएं देखने को मिली। ट्रस्ट की ओर से मनीष बंसल एवं धर्मेश बबलू मित्तल ने प्रारंभ में सभी कलाकारों एवं मेहमानों की अगवानी की। कार्यक्रम स्थल पर मातारानी का श्रृंगार करने के लिए जहां मथुरा-वृंदावन के कलाकार वहां के पांच क्विंटल फूलों सहित पधारे, वहीं जयपुर से बुलवाई गई 108 मीटर लंबी चुनरी और जयपुर की ही सुहाग पिटारी तथा मथुरा से बुलवाए गए विभिन्न किस्म के फूलों से मातारानी का भव्य दरबार भी श्रृंगारित किया और मातारानी को पुष्प बंगले में विराजित भी किया। इस बार कोलकाता से आए सोहनी चक्रवर्ती डांस ग्रुप के कलाकारों ने भी मातारानी को समर्पित नाट्य प्रस्तुति से ऐसा जीवंत चित्रण किया कि हजारों श्रद्धालु मंत्रमुग्ध जमे रहे। इसके पूर्व सभी भक्तों ने कतार में लगकर अखंड ज्योत के भी दर्शन किए और मातारानी के दरबार में भी मत्था टेंका। भजन गंगा और भक्ति भाव से भरपूर इस आयोजन में पूरे समय श्रद्धालु जमे रहे। आयोजन से जुड़े पवन बंसल एवं सुजान शेखावत सहित सभी सहयोगी बंधु पूरे समय भक्तों की अगवानी और सेवा में जुटे रहे। समूचा परिसर डिस्पोजल से मुक्त रखा गया और पेयजल की व्यवस्था भी तांबे के कलश से की गई। कार्यक्रम स्थल पर करीब 40 हजार वर्गफुट परिसर में फूलों के अलावा इत्र और अन्य सुगंधित वस्तुओं की खुशबू भी भक्तों को भाव विभोर बनाए रही। माताजी को 56 भोग भी समर्पित किए गए।
ट्रस्ट की ओर से शिवरतन खंडेलवाल, जीण माता मासिक मंगल पाठ उत्सव समिति के डॉ. नितिकेश मित्तल, दिशा मित्तल सहित युवाओं की टीम ने पूरे समय इस परिसर को भक्तिभाव से जोड़े रखा। मंगलपाठ के दौरान कार्यक्रम स्थल बार-बार मातारानी के जयघोष से गूंजता रहा। पाठ के समापन पर सुहागनों को सुहाग पिटारी का तोहफा भी दिया गया। महोत्सव में जीण माता चेरिटेबल ट्रस्ट पाटनीपुरा, जीण माता महिला मंडल, पूज्य देवी जीण माता परिवार, जीण माता भक्त मंडल बरूफाटक एवं धामनोद, जय जीण माता मंगल पाठ समिति नसरुल्लागंज, जीण धाम ग्रेटर ब्रजेश्वरी, जीण माता भक्त मंडल महू, जीण सेना पाटनीपुरा, जीण माता महिला मंडल इंदौर, पूज्य देवी जीण माता परिवार इंदौर, जीण धाम वार्षिकोत्सव समिति एवं जीण धाम मासिक मंगल पाठ समिति जैसी संस्थाओं का उल्लेखनीय सहयोग भी रहा। मातारानी के दरबार एवं अखंड ज्योत के दर्शन करने के लिए पूरे समय साधकों की कतारें लगी रही। मंगल पाठ के बीच साधकों ने आहुतियां समर्पित कर समाज एवं राष्ट्र में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की।
