दास बगीची से निकली जय सियाराम बाबा की चरण पादुका यात्रा में भक्तों के जोश और उत्साह ने बनाया नया कीर्तिमान, समूचा क्षेत्र गूंजता रहा जयघोष से
दो सौ से अधिक स्थानों पर हुई पुष्प वर्षा – हेलिकॉप्टर ने भी बरसाए फूल, जगह-जगह हुई रंगारंग आतिशबाजी
इंदौर, 11 जनवरी। पश्चिम क्षेत्र स्थित दास हनुमान बगीची से रविवार को दोपहर निकली चरण पादुका यात्रा ने समूचे क्षेत्र एवं यात्रा मार्ग को जय सिया राम बाबा एवं हनुमानजी के जयघोष से गुंजायमान बनाए रखा। हजारों की संख्या में शामिल श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने दास बगीची और बाबा के प्रति अपने श्रद्धा भाव को नाचते-गाते, झूमते-थिरकते व्यक्त किया। ढाई किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर 200 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच और तोरण द्वार लगाकर कहीं पुष्प वर्षा, कहीं फलाहार वितरण, कहीं प्रसाद वितरण के नज़ारे देखने को मिले। इस यात्रा ने पश्चिम क्षेत्र ही नहीं शहर में निकलने वाली धार्मिक यात्राओं के मामले में नया कीर्तिमान रच दिया।
पीलियाखाल स्थित दास बगीची से मंदिर के पुजारी पं. देवेन्द्र तिवारी बाबा की पादुकाओं को मस्तक पर धारण कर जय सियाराम बाबा स्मृति ट्रस्ट के कैलाश कुसुमाकर, वीरेन्द्र गुप्ता, अशोक पटेल के साथ जैसे ही मंदिर से बाहर आए, पहले से जमा हजारों श्रद्धालुओं में पादुकाओं के दर्शन और पूजन के लिए होड़ सी मच गई। भक्तों का यह काफिला जैसे-जैसे बड़ा गणपति, टोरी कार्नर, लोहारपट्टी, कैलाश मार्ग, अंतिम चौराहा, पंचकुईया, भूतेश्वर महादेव तक पहुंचा, भक्तों की संख्या भी लगातार बढती चली गई। बड़ा गणपति चौराहे पर पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल की ओर से हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा के दृश्य ने भी भक्तों को भाव विभोर बनाए रखा।
चार घंटे में पहुंची ढाई किलोमीटर – बाबा के प्रति भक्ति का इतना उत्साहपूर्ण माहौल रहा कि इस यात्रा को वापस दास बगीची पहुँचने में 4 घंटे से अधिक का समय लगा। हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, प्रमुख चौराहों पर रंगारंग आतिशबाजी और जगह-जगह बाबा की पादुकाओं के दर्शन एवं पूजन की जबरदस्त होड़ मची रही। यात्रा में शहर के प्रमुख धर्म स्थलों के संत, महंत, महामंडलेश्वर, सांसद शंकर लालवानी, नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, महापौर प्रतिनिधि भरत पारख, किन्नर समाज की मंडली और गौशालाओं के प्रतिनिधियों सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर ट्रस्ट की ओर से सत्यनारायण शर्मा, रामनिवास सांखला, मनोज लिम्बोदिया, विमल पाणिगृही, हरिश्चंद्र यादव एवं दिलीप विजयवर्गीय ने सभी भक्तों और अतिथियों की अगवानी की। सैकड़ो युवाओं और मातृशक्ति ने पूरे समय यात्रा मार्ग की व्यवस्थाएं संभाले रखी।
अनेक जनप्रतिनिधि हुए शामिल – नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक गोलू शुक्ला, पार्षद निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, भारत रक्षा मंच के राजेश बिंजवे, विहिप के योगेश होलानी, एमआईसी सदस्य, महामंडलेश्वर स्वामी रामगोपाल दास महाराज, हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज, रणजीत हनुमान मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास, भजन गायक सुधीर व्यास एवं गन्नू महाराज, गौशालाओं के संचालक एवं प्रतिनिधियों सहित भक्तों की यह यात्रा जहाँ-जहाँ पहुंची, जोशीले जयघोष के बीच स्वागत सत्कार का अखंड क्रम पूरे समय चलता रहा।
तोप से सलामी – कड़ाबीन की तोप से सलामी के साथ शुरू हुई इस यात्रा में अश्वारोही बालक, ऊंट, बैंड-बाजे, भजन मंडलियाँ, उज्जैन के महाकाल मंदिर की भस्म रमैया मंडली, गन्ना धारी महिलाऐं, 71 सदस्यों का हनुमत ढोल और मंत्रोच्चार करते 1 हजार से अधिक वेदपाठी ब्राह्मण, बाबा और हनुमानजी के जीवन चरित्र पर आधारित झांकियों सहित यह काफिला हर जगह श्रद्धा और आकर्षण का केंद्र बना रहा।
बालिकाओं ने किया शस्त्र कला प्रदर्शन – दुर्गावाहिनी से जुड़ी बालिकाओं ने भी शस्त्र कला का भरपूर प्रदर्शन किया। मार्ग में जगह-जगह प्रसाद वितरण, आतिशबाजी और भजन तथा गरबे के दृश्य भी देखने को मिले। वापस दास बगीची पहुँचने पर सभी भक्तों को अभिमंत्रित रक्षा कवच का वितरण भी किया गया। महाप्रसादी के रूप में भंडारा संपन्न हुआ जिसमें हजारों श्रद्धालु देर रात तक पुण्य लाभ लेते रहे। यात्रा के बाद 14 से 20 जनवरी तक जय सियाराम बाबा की प्रतिमा का पाटोत्सव भी मनाया जाएगा। 13 जनवरी को रामरामायण मंडल का वार्षिकोत्सव भी मनेगा।

