
पहले दिन 200 से अधिक महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस किये गये जारी
31 मार्च तक तक चलेगा अभियान
इंदौर
सुशासन व स्वराज के लक्ष्य को लेकर आज से इंदौर जिले में ‘संकल्प से समाधान अभियान’ की शुरुआत हो गई है। परिवहन विभाग ने नंदा नगर के आईटीआई स्थित ड्रायविंग ट्रेनिंग स्कूल में लर्निंग लाइसेंस का कैंप लगा कर इसकी शुरूआत की। यहां पर पहले दिन 200 से अधिक महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। यह अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाना है।
एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह अभियान शुरू किया गया है। इसमें नए लाइसेंस बनाना, रिन्यूअल, डुप्लीकेट लाइसेंस बनवाना आदि काम किए जाएगें। सोमवार को इस अभियान की शुरूआत की गई है। यहां पर लर्निंग लाइसेंस बनाए गए है। शिविर में आवेदकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह भी चल रहा है। सड़क सुरक्षा माह के तहत शहर के स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लर्निंग लाइसेंस बनवाने वाली महिलाओं को हेलमेट के उपयोग के लिए विशेष तौर से समझाईश दी जा रही है। इसके अलावा कार में बैठते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए भी कहा जा रहा है।
