इंदौर।
चाइनीज मांझे के कारण हो रहे जानलेवा हादसों को रोकने के लिए एमआईजी पुलिस अब सड़कों पर उतर आई है। मकर संक्रांति पर्व से पहले पुलिस ने एलआईजी चौराहे से लेकर प्रेस कॉम्प्लेक्स तक विशाल पैदल मार्च निकालकर आम जनता और दुकानदारों को जागरूक किया। इस मार्च के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि कोई भी व्यक्ति घातक नायलॉन मांझा बेचते या उपयोग करते पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पैदल मार्च का नेतृत्व सहायक पुलिस उपायुक्त हिमानी मिश्रा और एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने किया। भारी पुलिसबल के साथ निकली इस रैली के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों से सीधा संवाद किया। पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी दुकानें निर्धारित समय पर बंद करें और किसी भी चोरी-छिपे तरीके से प्रतिबंधित मांझे का विक्रय न करें। अधिकारियों ने जनता को समझाया कि यह मांझा न केवल इंसानों के गले और शरीर के लिए जानलेवा है, बल्कि आकाश में उड़ने वाले बेजुबान पक्षियों के लिए भी मौत का फंदा बन रहा है। जागरूकता मार्च के साथ-साथ पुलिस ने क्षेत्र के चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर चेकिंग अभियान भी चलाया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दुकानों की आकस्मिक जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा की दृष्ेिट से पुलिस आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्ती जारी रखेगी ताकि किसी भी नागरिक की जान जोखिम में न पड़े।
