इंदौर
शहर में वाहन चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब जन प्रतिनिधियों के घर के आसपास भी वारदातों को अंजाम देने से नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहाँ विधायक गोलू शुक्ला के घर के पास खड़े एक ई-रिक्शा को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। चोरों ने ई- रिक्शा का लॉक तोड़कर उसमें लगी कीमती बैटरी चोरी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी किशन हार्डिया निवासी गोमा की फेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपना ई- रिक्शा क्रमांक एमपी-०९- जेडक्यू-५८२६ चलाकर गुजरबसर करता है। उसने अपना रिक्शा विधायक गोलू शुक्ला के घर के पास स्थित एक प्लांट परिसर में सुरक्षित लॉक करके खड़ा किया था। शनिवार रात जब वह घर चला गया, तब तक सब ठीक था, लेकिन अगली सुबह करीब ८ बजे जब वह वापस लौटा तो रिक्शे की हालत देखकर दंग रह गया। रिक्शे का लॉक टूटा हुआ था और सीट खुली पड़ी थी। जांच करने पर पता चला कि ई- रिक्शा में लगी ह्यईस्टमेन’ कंपनी की नीले रंग की कीमती बैटरी गायब थी। किशन का कहना है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर लॉक तोड़ा और बैटरी निकालकर रफूचक्कर हो गए। विधायक के निवास के पास हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बाणगंगा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
