इंदौर जिले में प्रारंभ हुआ संकल्प से समाधान अभियान
पात्र नागरिकों को चिन्हित कर दिया जायेगा शासकीय योजनाओं का लाभ
स्वच्छ जल अभियान के तहत जिले में प्रारंभ हुई जल सुनवाई
जल संबंधी समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण- सभी पानी की टंकियां की होगी साफ-सफाई
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय सीमा के पत्रों के निराकरण की समीक्षा (टीएल) बैठक संपन्न

इंदौर
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में संकल्प से समाधान अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में पहुंचाया जायेगा। यह अभियान चार चरणों आगामी 31 जनवरी तक चलेगा। इसके साथ ही जिले में जल संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये जल सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन भी प्रारंभ किया गया। पहले दिन आज जल सुनवाई के माध्यम से 89 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से अधिकांश का त्वरित निराकरण किया गया। शेष के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई समय सीमा के पत्रों के निराकरण की समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में एमपीआईडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री विजय नवजीवन पंवार, श्रीमती निशा डामोर, श्री रोशन राय तथा श्री रिंकेश वैश्य, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन तथा
समाधान ऑनलाइन के तहत दर्ज आवेदनों के निराकरण की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाये। लापरवाही तथा उदासीनता बरतने पर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी शासकीय सेवकों को सेवा निवृत्ति के समय ही पेंशन प्रकरण स्वीकृत किया जाये। समय पर उनके सभी स्वत्वों का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाये। इस कार्य में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संकल्प से समाधान अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। सभी पात्र नागरिकों को योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं का लाभ समय-सीमा में पहुंचाएं। अभियान का समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाये। अभियान का पहला चरण 15 फरवरी तक चलेगा, दूसरा चरण 16 फरवरी से 16 मार्च तक, तीसरा चरण 16 मार्च से 26 मार्च तक तथा चौथा और अंतिम चरण 26 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित होगा।
बैठक में बताया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी स्वच्छ जल अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले के इंदौर नगर निगम सहित अन्य सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की पेयजल समस्या से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि जल की गुणवत्ता के संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। जल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के पश्चात जिला कौशल विकास समिति की बैठक भी हुई। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना,राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री सीखो कमाओं योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिये कि युवाओं को समय की मांग के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाये। यह प्रयास किये जाये कि प्रशिक्षित सभी युवाओं को रोजगार/स्वरोजगार प्राप्त हो।
