इंदौर।
जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ा कि एक ही परिवार के चार लोगों ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी और सड़क पर पड़े पत्थर से उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना पलसीकर कॉलोनी क्षेत्र की है। यहाँ रहने वाले शेखर पिता देवकरण सोलंकी की रिपोर्ट पर गणेश परमार उसके बेटे जीवन, विजेंद्र और महेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया।फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी गणेश परमार और उसके बेटों से पुराना विवाद चल रहा है। कल जब फरियादी वहां से गुजर रहा था, तो उन्हें देखते ही आरोपीगण पुरानी बातों को लेकर गालियां देने लगे। जब फरियादी ने गाली देने का विरोध किया और कारण पूछा, तो चारों आरोपी एक साथ उसपर टूट पड़े। आरोपियों ने पहले फरियादी को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा और फिर पास ही पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर उसके सिर पर दे मारा। हमले में फरियादी का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
