इंदौर।
शहर में झपटमारी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत द्वारकापुरी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक महिला का पर्स छीनकर भागने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। द्वारकापुरी थाना प्रभारी की टीम ने झपटमारी की घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। जांच के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सागर पिपले निवासी द्वारकापुरी और सुनील उर्फ मटरु भार्गव निवासी ऋषि पैलेस को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ में आरोपियों ने महिला से पर्स छीनने की वारदात कबूल कर ली।पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और झपटमारी के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया पर्स, उसमें रखा मोबाइल फोन, नकदी और घटना के समय इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
