
हौसलों की उड़ान
इंदौर
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला इंदौर अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान समस्त विकासखंड एवं संकुल मुख्यालय पर लखपति दीदी संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में महिलाओं ने स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने जीवन में आए परिवर्तन व आजीविका में आयी वृद्धि के बारे में जानकारी दी। साथ ही सभी समूह सदस्यों, जनप्रतिनिधियों को अपने हौसलों की उड़ान के बारे में अवगत कराया। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत निरक्षर समूह सदस्यों का नव साक्षर अभियान के तहत पंजीयन किया गया। समूह की सभी सदस्यों को आगामी दो माह में साक्षर करने हेतु संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन मकर संक्रांति पर महिला स्व सहायता समूह ने जिले में स्थित पवित्र नदियों एवं जल स्रोतों पर एकत्रित होकर विधि विधान से सूर्य को अर्ध देकर पूजन किया। साथ ही अपने सपने पतंग पर लिखकर उत्साह से पतंग उड़ाई और सांस्कृतिक व पारंपरिक खेल खेले गए। जिससे समूह की महिलाओं में एक नया उत्सवर्धन हुआ। तीन दिवसीय कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने सपनों को व समूह से जुड़ने के बाद उनकी आजीविका में हुई वृद्धि के बारे में सभी का अवगत कराते हुए ज्यादा से ज्यादा गतिविधियां कर अपने आजीविका बढ़ाने हेतु संकल्प लिए गए। सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 15 जनवरी को महिलाओं का निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया जाएगा
