हाई कोर्ट की सख्त हिदायत एवं जिला प्रशासन के आदेश के बाद भी मकर संक्रांति पर चाइनीज माँझे ने अपना कहर बरपाया प्रशासन की सख्ती के बावजूद बाजारों में बिक रहे चाइनीज मांझे ने त्योहार की खुशियों को बेरंग कर दिया । इंदौर सहित मालवा निमाड़ क्षेत्र में भी 15 इसके शिकार हुए । इंदौर में तीन इमली ब्रिज पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 29 वर्षीय हेमराज चौरसिया का गला कट गया, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जूनी इंदौर ब्रिज पर बाइक से जा रहे प्रेम भंडारी की ठोड़ी पर आठ टांके आए। वहीं, रामानंद नगर निवासी माधव वसूनिया का चेहरा बुरी तरह कट गया, जिन्हें जिला अस्पताल में दस टांके लगाए गए। नंदानगर में बेजु सोनी भी घायल हुए।
उज्जैन में आगर रोड पर अंतर सिंह बंजारा के गले में आठ टांके आए, जबकि सीमा, रिजवान और कृष्णा सहित अन्य लोगों के हाथ-पैर और होंठ कट गए। महू में स्कूटी सवार राजेश्वरी गोडाले की नाक कट गई और आशुतोष व शिवम भी घायल हुए। देवास में प्रीतम सिंह ठाकुर की नाक पर कट लगा, वहीं शाजापुर में राजकुमार कोटवानी के पैर में छह टांके आए। यह स्थिति बेहद डरावनी रही क्योंकि लोग सामान्य आवाजाही के दौरान अचानक इस जानलेवा डोर का शिकार बने।
