इंदौर।
लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक पॉश टाउनशिप में शराब की लत और पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने आत्महत्या कर ली। पिता द्वारा शराब पीने से रोकने और घर के गेट पर ताला लगाने से नाराज होकर २८ वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने घर की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लसूड़िया पुलिस के मुताबिक, यह घटना गोल्डन पाम टाउनशिप की है। यहाँ रहने वाले वैभव पिता राकेश गायकवाड़ (२८) ने बुधवार रात अपने घर की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पिता ने बताया कि वैभव ने शाम को भी शराब पी थी, लेकिन रात में वह दोबारा शराब पीने की जिद करने लगा। बेटे की बिगड़ती हालत और लत को देखते हुए पिता ने उसे बाहर जाने से मना किया और घर के नीचे वाले गेट पर ताला लगा दिया। इस बात से वैभव इतना नाराज हुआ कि वह ऊपर की मंजिल पर गया और वहां से नीचे कूद गया।परिजनों ने बताया कि वैभव अमेरिका की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में घर से ही ‘वर्क कर रहा था। परिवार में उसके माता-पिता और एक बड़ा भाई है।फिलहाल लसूड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
