इंदौर
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। धारदार हथियार और बेसबॉल के डंडों से हमले में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक विवाद और हमले की घटना खटके वाली गली में गत रात को हुई। पुलिस ने एक पक्ष से फरियादी रेखा सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर आरोपी देवेंद्र, धर्मेंद्र, आदित्य, विकास उर्फ गंगा, प्रिया, प्रीति, रिंकी उर्फ मनोरमा और आयुष शर्मा सभी निवासी परदेशीपुरा के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार के यश उर्फ अन्ना पर आरोपियों ने हमला किया। आपसी विवाद में आरोपियों ने गालियां दीं और खंजर और डंडों से हमला कर दिया। हमले में यश को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे
उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर सभी आठ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। दूसरे पक्ष से पुलिस ने फरियादी रिंकी उर्फ मनोरमा सरोज पति देवेन्द्र की रिपोर्ट पर आरोपी आयुष सुनहरे, शोभा सुनहरे, अन्ना घटारे पर केस दर्ज किया है। इस पक्ष से देवेन्द्र, आदित्य, विकास उर्फ गंगा और आयुष को चोट आई है। फरियादी ने बताया कि आरोपियों ने गालियां दी और चाकू, डंडे, लोहे के पाइप से हमला किया। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
