इंदौर
शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कनाड़िया और राऊ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में घेराबंदी कर तीन युवकों को धारदार हथियारों
के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है। कनाड़िया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बायपास क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है, जिसके बाद पुलिस ने टीपीएस ४ रोड पर घेराबंदी कर २४ वर्षीय आकाश वर्मा को हिरासत में लिया। आरोपी आकाश मूल रूप से किशनगंज महू का रहने वाला है। तलाशी लेने पर पुलिस को उसके कब्जे से एक अवैध तेज धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके हथियार रखने के पीछे के इरादों की जांच शुरू कर दी है। इसी तरह राऊ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने देर रात दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने सिलिकॉन सिटी क्षेत्र के जैन फार्म हाउस कॉलोनी और मनमंदिर मैरिज गार्डन के पीछे आम रोड से १९ वर्षीय कालूराम भील को लोहे के धारदार चाकू के साथ दबोचा। आरोपी कालूराम धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र का निवासी है। इसी क्षेत्र में कुछ ही देर बाद पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए १९ वर्षीय मोहन भील को भी अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मोहन भी धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र का रहने वाला है।
