इंदौर
मध्यक्षेत्र के मालगंज पर आज तड़के एक अनियंत्रित कार दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए दुकान में जा घुसी। वाहनों और दुकान की हालत देखकर कार की गति का अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितनी तेज गति से घुसी है। कार दुकान में घुसने के बाद सड़क पर पलट गई। उसमें सवार चालक और उसका साथी भाग निकले। मिली जानकारी के अनुसार घटना इतवारिया बाजार से मालगंज जाने वाले मार्ग पर सुबह करीब ३:४५ बजे हुई। कार क्रमांक एमपी ०४ सीएच ४४१० अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन दोपहिया वाहन को टक्कर मारकर पतंजलि आयुर्वेदिक औषधि की दुकान में जा घुसी। दुकान मालिक शैलेंद्र दीघे ने बताया कि दुकान छोटे भाई देव दीघे की है। दीघे परिवार दुकान के ऊपर ही रहता है। उन्होंने बताया कि अलसुबह हादसे के दौरान जोरदार धमाके की आवाज आई। नींद में परिवारजन समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ है, कार के टायर फूटने की आवाज आई तो ऐसा लगा मानो भूकंप की कंपन हुई है। इसके बाद जब परिजनों ने खिड़की से बाहर देखा तो एक कार सड़क पर पलटी हुई थी
और उसमें से दो लोग निकलने की मशक्कत कर रहे थे। जब तक परिवारजन कार के समीप पहुंचे वे कार सवार भाग निकले, जिसके बाद मल्हारगंज पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। जब एक घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची तो दुकान मालिक दीघे खुद ही थाना जानकारी देने पहुंच गए। कार की गति का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वहां खड़े तीन दोपहिया वाहनों में से दो को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और दुकान का शटर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान के अंदर बना काउंटर ५ फीट अंदर तक जा घुसा। बताया जा रहा है कि कार भोपाल पासिंग है। पुलिस ने कार के अंदर रखे बीमा और अन्य दस्तावेज भी जब्त कर कार को भी थाना व्रैâन के माध्यम से ले जाकर खड़ा कर दिया। दुकान के बाहर तीन सीढ़ियां बनी हुई थी कार उन्हें भी क्षतिग्रस्त करते हुए घुसी है। कार के एयर बैलून खुलने से उसमें सवार युवकों की जान बच गई।
