इंदौर
तिलक नगर थाना क्षेत्र में आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत एक युवती ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।हृदयविदारक बात यह रही कि युवती का शव दो दिनों तक फंदे पर लटका रहा और पड़ोसियों तक को इसकी भनक नहीं लगी। जब
कमरे से दुर्गंध आने लगी और रिश्तेदारों ने दरवाजा खोला, तब मामले का खुलासा हुआ। मृतका की पहचान २३ वर्षीय उमंग पिता मालती प्रजापति के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भोपाल की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से इंदौर के गणेश नगर में किराए से रहकर बैंक में नौकरी कर रही थी। युवती पिछले कुछ दिनों से परिजनों का फोन रिसीव नहीं कर रही थी, जिससे वे चिंतित थे। जब भोपाल से माता-पिता ने इंदौर में रहने वाले एक रिश्तेदार को घर भेजा, तो वहां दूसरी मंजिल के कमरे से तेज बदबू आ रही थी।
दरवाजा खोलने पर युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही तिलक नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, युवती बैंक के काम को लेकर काफी समय से मानसिक दबाव और तनाव में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी काम के दवाब और डिप्रेशन के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के पिता भोपाल में एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं।
