
इंदौर । मालवा मिल अनाज मंडी स्थित श्री पंचमुखी बालाजी धाम मंदिर पर बसंत पंचमी के पावन प्रसंग पर शुक्रवार 23 जनवरी को लक्ष्मीनारायण मंदिर, पंचमुखी बालाजी मंदिर एवं शिव मंदिरों के शिखर पर कलश स्थापना का दिव्य आयोजन होगा। मंदिर से जुड़े राजू अग्रवाल राधे राधे ने बताया कि कलश स्थापना के लिए दो दिवसीय इस महोत्सव में गुरुवार 22 जनवरी को शाम 7.30 बजे आरती के पश्चात सुंदर काण्ड के साथ कलश स्थापना का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। शुक्रवार 23 जनवरी को सुबह 10.15 बजे से विद्वान आचार्यों द्वारा पूजन के पश्चात 11 बजे कलश अभिषेक, दोपहर 12 बजे कलश स्थापना और दोपहर 1.15 बजे यज्ञ हवन के साथ कलश स्थापना की विधि परिपूर्ण होगी। शाम 7.30 बजे से मंदिर परिसर में भंडारा भी होगा।
