इंदौर
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के रालामंडल बायपास पर बीती देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। राऊ की तरफ से देवास की ओर जा रहा केले से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस दुर्घटना के कारण बायपास पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। बताते है कि ट्रक क्रमांक सीजी-०७ सीजे-२०७१तेज रफ्तार में होने के कारण अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद राहगीर मदद के लिए दौड़े और ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक पलटने से उसमें लदे केले सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम अपने पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने सबसे पहले बायपास पर लगे लंबे जाम को खुलवाया और यातायात को सुचारू करने के लिए क्रेन की मदद ली। क्रेन के जरिए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा करवाकर थाने भिजवाया गया। पुलिस द्वारा समय पर की गई कार्रवाई से कुछ ही घंटों में बायपास पर ट्रैफिक फिर से सामान्य हो गया। पुलिस अब ट्रक पलटने के तकनीकी कारणों की जांच कर रही है।
