इंदौर
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में सब्जी का ठेला लगाने जैसी मामूली बात को लेकर दो युवकों ने एक २० वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मालवा मिल क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घायल की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक शिवाजी नगर निवासी लक्की वर्मा मालवा मिल स्थित एम.एल. टॉवर के पास रोजाना सब्जी का ठेला लगाता है। शनिवार को जब वह अपना ठेला लगाने पहुँचा, तभी वहां हेमंत तोमर और देवांश तोमर आए और जगह को लेकर विवाद करने लगे। आरोपियों ने लक्की को वहां से हटने के लिए कहा और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब लक्की ने विरोध किया, तो विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपी देवांश ने जेब से चाकू निकाला और लक्की की कमर पर वार कर दिया। चाकू लगने से लक्की लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मदद के लिए चिल्लाने लगा। शोर सुनकर आसपास के व्यापारियों और राहगिरों की भीड़ जमा होने लगी, जिसे देखकर आरोपी हेमंत और देवांश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने लक्की की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
