इंदौर। देहात इलाके की गौतमपुरा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जहाँ टीम ने पांच वर्षों से पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहे एक शातिर स्थाई वारंटी को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी पर ५,००० रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पकड़ा गया आरोपी रामसिंह पिता गोपाल सिंह, निवासी शंकरनगर खेड़ी जिला राजगढ़ पिछले कई सालों से अपनी पहचान छुपाकर महाराष्ट्र में रह रहा था। आरोपी के विरुद्ध गौतमपुरा थाने में वर्ष २०१५ में धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की धारा ४२०, ४६७, ४६८ का केस दर्ज हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और कोल्हापुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गौतमपुरा पुलिस ने बताया कि आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद देपालपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
