इंदौर। निरंजनपुर सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे एक व्यक्ति का कीमती मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। भीड़भाड़ का लाभ उठाकर एक अज्ञात जेबकतरे ने फरियादी की पैंट की पिछली जेब से आईफोन निकाल लिया और चंपत हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर मंडी क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, महालक्ष्मी नगर स्थित स्पेस पार्क फेस-०१ के निवासी ४७ वर्षीय जितेंद्र गौड़ ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। जितेंद्र शनिवार सुबह करीब ८:३० बजे निरंजनपुर सब्जी मंडी में घरेलू सामान और सब्जी खरीदने गए थे। उन्होंने अपना गोल्ड रंग का आईफोन पैंट की पिछली जेब में रखा था। मंडी में काफी भीड़ थी, जिसका फायदा उठाकर किसी शातिर बदमाश ने बड़ी सफाई से उनकी जेब से फोन पार कर दिया।
