इंदौर
लसूड़िया थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने निपानिया स्थित स्काई सिटी कॉलोनी को निशाना बनाते हुए वहां लगे तीन बड़े बिजली ट्रांसफार्मरों के कीमती कॉपर पार्ट्स और अन्य महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर लिए। घटना का पता तब चला जब अगले दिन गार्ड सुरक्षा जांच के लिए वहां पहुँचे। पुलिस ने सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गुलमोहर रिजॉर्ट निपानिया निवासी इंद्रपाल सिंह पिता बाबू सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंद्रपाल सिंह ओमेक्स सिटी-१ के पीछे स्थित ‘स्काई सिटी’ में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी परिसर में अरिहंत कंपनी के कुल ११ ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं, जिनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी गार्डों पर रहती है। शिकायत के मुताबिक, बीते २४ दिसंबर की सुबह ९:०० बजे तक सभी ट्रांसफार्मर सुरक्षित थे। लेकिन २५ दिसंबर की सुबह जब गार्ड चंद्रभान धाकड़ और गनमैन राजेंद्र सिंह तोमर नियमित राउंड पर निकले, तो उन्हें ट्रांसफार्मरों में छेड़छाड़ नजर आई। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तीन ट्रांसफार्मरों को खोल दिया और उनके भीतर लगे कीमती कॉपर पार्ट्स व अन्य जरूरी कलपुर्जे निकाल लिए।चोरी गए उपकरणों की कीमत लाखो में बताई जा रही है। पुलिस कॉलोनी और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आने-जाने के मार्ग और उनके वाहनों का सुराग मिल सके।
