इंदौर ।
लसूड़िया थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने एक ७५ वर्षीय बुजुर्ग के मालिकाना हक वाले प्लॉट पर जबरन कब्जा कर लिया। आरोपियों ने न केवल प्लॉट पर बनी गुमटी को ध्वस्त कर दिया, बल्कि विरोध करने पर बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, स्कीम नंबर ७४ निवासी बुजुर्ग शिवशंकर पिता गौरीशंकर अत्रे (७५) ने आरोपी लीलाधर चौधरी और उसके भाई नरेंद्र चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। फरियादी के मुताबिक, तुलसी नगर में उनका एक भूखंड (प्लॉट) स्थित है, जिस पर उनका लंबे समय से आधिपत्य और स्वामित्व है। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने वहां एक गुमटी भी बनवा रखी थी।शिकायत में बताया गया कि पिपल्याकुमार निवासी आरोपी लीलाधर चौधरी और उसके भाई नरेंद्र चौधरी की नजर इस कीमती जमीन पर थी। आरोपियों ने जमीन हड़पने की नीयत से अवैध रूप से प्लॉट में प्रवेश किया और वहां बनी गुमटी को तोड़कर उसे जमींदोज कर दिया। जब बुजुर्ग ने अपनी संपत्ति पर हो रहे इस अवैध कब्जे और तोड़फोड़ का विरोध किया, तो आरोपी भाइयों ने उनके साथ अभद्रता की और शोर मचाने या पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
