इंदौर
कनाड़िया थाना क्षेत्र में उधार के रुपयों के मामूली विवाद में एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब ११:५० बजे अग्रवाल स्कूल के गेट नंबर १० के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान पर हुई। यहाँ आरोपी ने पीड़ित के सीने पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित करण देवले निवासी मूसाखेड़ी ने बताया कि उसने आरोपी शुभम उर्फ शम्भू चौहान की मां से २५० रुपये उधार लिए थे। इसी रकम की मांग को लेकर शुभम ने करण को रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब करण ने गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपी ने मारपीट करते हुए अपनी कमर से चाकू निकाला और करण के सीने पर दे मारा। हमले के बाद आरोपी ने करण को जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग निकला। कनाड़िया पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
