शहर के 15 स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रभावी प्रस्तुतियां देकर समूचे सभागृह को देशभक्ति के माहौल से ओतप्रोत बनाए रखा, गूंजते रहे भारत माता के जयकारे

इंदौर। संस्था सेवा सुरभि, जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण की सहभागिता में चलाए जा रहे ‘ झंडा ऊंचा रहे हमारा ’ अभियान के तहत मंगलवार को सुबह जाल सभागृह में शहर के प्रमुख 15 स्कूलों के बच्चों ने राष्ट्रभक्ति से प्रेरित अंतर विद्यालयीन राष्ट्रीय समूह गीत स्पर्धा में अपनी प्रस्तुतियां देकर समूचे सभागृह का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत बनाए रखा। इन बच्चों के बीच हुई स्पर्धा में पहला पुरस्कार सत्य साईं विद्या विहार, द्वितीय स्थान जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल एवं न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल तथा तृतीय पुरस्कार द एमराल्ड हाईटस इंटरनेशनल स्कूल ने प्राप्त किया। मातुश्री अहिल्या देवी पब्लिक स्कूल एवं सिका सीनियर सेकंडरी स्कूल निपानिया को प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागी बच्चों को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पर्यावरणविद किशोर पंवार ने तितलियों के बारे में रोचक जानकारियां भी दी। कार्यक्रम में वन्दे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सामूहिक गान भी किया गया।
संस्था सेवा सुरभि द्वारा प्रवर्तित इस अभियान में मंगलवार को जाल सभागृह में गीता रामेश्वरम ट्रस्ट की सहभागिता में देशभक्ति से प्रेरित सुगम गान स्पर्धा का अनूठा आयोजन किया गया, जिसमें निर्णायक के रूप में दीपाली मोहरिल, शीतल अत्रे और संजीव गवते उपस्थित थे। अतिथि के रूप में समाजसेवी वीरेन्द्र गोयल, गौतम कोठारी, मुकेश पाटीदार एवं शिक्षाविद भावना पुजारी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, पर्यावरणविद डॉ. किशोर पंवार, राजेंद्र मालवीय, अनुराग जैन, मुरली धामानी एवं शहर के गणमान्य नागरिक बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत मोहित सेठ, मोहन अग्रवाल, अनिल गोयल, अशोक मित्तल, रमेश गुप्ता एवं नेमीचंद जैन ने किया। इस दौरान बच्चों ने ‘जय-जय भारत….’, ‘जन्नत से प्यारा देश हमारा’, ‘ए मेरे वतन हमको तेरी कसम’, ‘तिरंगा लहराए भारत का गौरव गाए’, ‘साँस है जब तलक न रुकेंगे कदम’, ‘सतरंगी रंगों सा, उज्जवल सा, पावन सा हो देश हमारा’, ‘हमारा वतन, जान से प्यारा वतन’, ‘उठे स्वराज के लिए उठे, जगे स्वराज के लिए जगे’, ‘बिसरे न जीते जी, जननी जन्मभूमि’, ‘ए मेरे वतन के लोगों’, ‘तेरे दिल से मेरे दिल तक’, ‘देश हमें देता है सबकुछ’, ‘हमारा वहां जान से प्यारा वतन’ और वन्दे मातरम सहित अनेक मौलिक और स्वयं के द्वारा अपने संगीत शिक्षकों के मार्गदर्शन में संगीतबद्ध किए गए गीतों की प्रस्तुतियां देकर समूचे सभागृह को अनेक अवसरों पर वंदे मातरम और भारत मां के जयघोष से गुंजायमान बनाए रखने पर बाध्य कर दिया।
प्रारंभ में कार्यक्रम के सूत्रधार संजय पटेल ने कहा कि यह खास आयोजन बच्चों के लिए इसीलिए किया जाता है कि बच्चों में भी देश प्रेम का भाव आए और वे आने वाले कल को और अधिक खूबसूरती से लिख सकें। उन्होंने बच्चों को समझाईश भी दी कि वे गीतों की प्रस्तुति के समय क्या-क्या सावधानियां बरतें। अब गैर फिल्मी गीतों के साथ हिन्दी की श्रेष्ठ कविताओं को भी इस स्पर्धा में जगह मिलने लगी है, यह प्रसन्नता की बात है। बच्चों की अगवानी संस्था की ओर से ओमप्रकाश नरेड़ा, मोहित सेठ, कमल कलवानी, चांदमल जैन, गोविंद मंगल आदि ने की।
आज बाल भगवान का मंचन – संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा ने बताया कि बच्चों के लिए संस्था द्वारा बुधवार 21 जनवरी को गाँधी हॉल स्थित अभिनव कला समाज पर शाम 7.30 बजे “बाल भगवान” नाटक का मंचन किया जाएगा जो अंधविश्वास पर प्रहार करने वाला एक प्रभावी नाटक है। इसे स्वदेश दीपक ने लिखा है और अर्जुन नायक ने निर्देशित किया है। स्टेट प्रेस क्लब और अभिनव कला समाज की सहभागिता में संस्था सेवा सुरभि एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी में यह आयोजन होगा। शनिवार 24 जनवरी को प्रेस क्लब में शहर की यातायात व्यवस्था – परिदृश्य और समाधान विषय पर प्रेस क्लब के सभागृह में शाम 4 बजे बेंगलुरु से आए यातायात विशेषज्ञ आशीष वर्मा की उपस्थिति में परिचर्चा होगी। रविवार 25 जनवरी को शाम 6 बजे दुआ सभागृह में देवास जिले के शहीद सैनिक संजय मीणा के परिजनों का सम्मान और शाम 7.30 बजे से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट पर शहर के नागरिकों की ओर से अनाम शहीदों के नाम श्रद्धा की एक-एक मोमबत्ती प्रज्वलित की जाएगी।
