
इंदौर।
शहर के पश्चिम क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र, पीलिया खाल एरोड्रम रोड स्थित दास हनुमान बगीची पर मंगलवार को जय सियाराम बाबा की मूर्ति का पाटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दास बगीची पहुंचकर जय सियाराम बाबा की प्रतिमा के दर्शन पूजन किए। प्रतिमा का आज अनुपम श्रृंगार किया गया था।
श्री दास हनुमान बगीची जय सियाराम बाबा स्मृति ट्रस्ट की ओर से कैलाश कुसुमाकर, वीरेन्द्र गुप्ता, अशोक पटेल एवं पं. देवेन्द्र पुजारी ने बताया कि महोत्सव में सुबह गुरु मूर्ति की स्थापना के साथ ही भक्तों द्वारा विभिन्न किस्म के फूलों से बाबा की प्रतिमा का श्रृंगार शुरू किया गया। दोपहर में पूर्णाहुति के पश्चात श्रृंगार दर्शन के लिए भक्तों का मेला जुटा रहा। रात्रि में राम रामायण मंडल द्वारा भजन संध्या के माध्यम से जय सियाराम बाबा के प्रति आदरांजलि समर्पित की गई। इस दौरान दास बगीची परिसर स्थित जय सियाराम बाबा संस्कृत विद्यापीठ के वेदपाठी ब्राह्मणों ने भी बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा, आस्था व्यक्त की। मंगलवार को आरती और प्रसादी वितरण के पश्चात ब्राह्मण भोज का आयोजन भी किया गया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से सत्यनारायण शर्मा, रामनिवास सांखला, विमल पाणिग्रही, भीमराज राठौर, दिलीप विजयवर्गीय एवं हरिश्चंद्र यादव ने सभी भक्तों की अगवानी की।
पुजारी पं. देवेन्द्र तिवारी ने बताया कि दास बगीची पर गुरुकुल पद्धति से निशुल्क शिक्षण, बीमारी एवं गैर-दुधारू गायों की सेवा के लिए गौशाला, प्रत्येक शनिवार एवं मंगलवार को भक्तों के कष्टों को दूर करने हेतु जल, धागा और झाड़ा की परंपरा भी निशुल्क की जा रही है। इस बगीची पर पूरे वर्ष अनेक धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
