तिलक नगर क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी। आग की वजह से से एक मकान के सामने का हिस्सा भी प्रभावित हुआ है । रहवासियों ने नींद खुलने पर आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।तिलक नगर पुलिस ने बंगाली रोड निवासी अंजलि पति विश्वजीत राय की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आगजनी का प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी अंजलि ने बताया कि वह परिवार के साथ घर में सो रही थीं। तभी करीब रात 1 बजे अचानक शोर सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगी हुई थी।
आगजनी की इस घटना में अंजलि की एक्टिवा, एक बाइक और पड़ोसी की बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा उनके मकान के सामने का हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया।पुलिस ने अंजलि और आसपास के रहवासियों के बयान दर्ज किए हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पीड़ित परिवार का किसी से कोई विवाद तो नहीं है।स्थानीय रहवासियों ने नशा करने वाले कुछ युवकों पर संदेह जताया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
