इंदौर
तुकोगंज थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चार बाइकें बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी मैच के दौरान उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर स्टेडियम के आसपास से वाहन पार करता था। तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव के मुताबिक, हाल ही में इंदौर में हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान क्षेत्र से वाहन चोरी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की, जिसके बाद घेराबंदी कर ४० वर्षीय विजय पिता हुकुमचंद बिजोरे को हिरासत में लिया गया। आरोपी मूल रूप से अंबेडकर नगर का रहने वाला है।पूछताछ में आरोपी विजय ने मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की गई ४ बाइकें जब्त कर ली हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने मैच के दौरान और भी कई वाहनों पर हाथ साफ किया होगा।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी
विजय से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चोरी किए गए वाहनों को कहां खपाता था और इस गिरोह में उसके साथ अन्य कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आरोपी से पूछताछ के बाद शहर की अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
