इंदौर
शहर के पॉश इलाके विजयनगर में बुधवार देर रात बीच सड़क पर जमकर बवाल हुआ, जिसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह बेखौफ बदमाश एक युवक को जबरन अपनी कार में खींचने की कोशिश कर रहे हैं और विरोध करने पर उसे गाड़ी से कुचलने का दुस्साहस भी किया गया। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले में अब तक किसी भी शिकायत के मिलने से इनकार कर रही है। पूरी घटना विजयनगर स्थित एनआरके बिजनेस पार्क के ठीक बाहर की बताई जा रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों का दूसरे गुट से किसी बात पर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवारों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे जबरन गाड़ी के अंदर ठूंसने लगे। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और आरोपी सरेराह दबंगई दिखाते नजर आए। वायरल वीडियो का सबसे खौफनाक हिस्सा वह है, जिसमें आरोपी युवक पर गाड़ी चढ़ाकर उसे कुचलने का प्रयास करते दिख रहे हैं। युवक ने भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद विजयनगर पुलिस का कहना है कि उनके पास अभी तक इस तरह का कोई वीडियो या लिखित शिकायत नहीं पहुंची है।
