रूद्राक्ष, दिलेर, अनमोल और पद्मश्री ने मारी बाजी
शहर में पहली बार हो रहे आयोजन में पहले दिन बीएसएफ बैंड ने दी प्रस्तुति

इंदौर। इंदौर में पहली बार हो रहे सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो की शुरूआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अश्व पूजन से हुई। पहले दिन जहां बीएसएफ बैंड ने अपनी प्रस्तुति के घोड़ों की रिंग में अश्व परेड हुई, वहीं नुकरा नस्ल के घोड़ों का प्रदर्शन देख दर्शक अचंभित रह गए। प्रतियोगिता में पहले दिन रूद्राक्ष, दिलेर, अनमोल और पद्मश्री (सभी घोड़े और घोड़ी) ने अपने करतब दिखाते बाजी मारकर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुबह निर्धारित समय पर आयोजन शुरू होने के पूर्व ही बड़ी संख्या में अश्वप्रेमी यहां पहुंच गए थे, जो देर शाम तक मौजूद रहकर घोड़ों के अलग-अलग करतबों को निहारते रहे। अश्व प्रेमियों के लिए शहर में देवी अहिल्या हॉर्स सोसायटी के तत्वावधान में पहली बार सेंट्रल इंडिया हॉर्स शो के दो दिवसीय आयोजन की शुरूआत 24 जनवरी से सुपर कारीडोर स्थित ग्राउंड खेड़ापति हनुमान मंदिर के सामने गांधीनगर में हुई।आयोजक पवन सिंह चावड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ,सांसद शंकर ललवानी ,विधायक मधु वर्मा, विधायक गोलू शुक्ला, जय पाल सिंह चावड़ा , श्रवण सिंह चावड़ा भाजपा जिला अध्यक्ष विधायक गोलू शुक्ला, चिंटू वर्मा, अंतरसिंह दरबार, नितेश रावल , हिम्मत गिरी, अनुराग राठौर ,हवनसिंह चावड़ा, शुभमसिंह चावड़ा, अंकित सिंह चौहान मौजूद थे ।
230 से अधिक घोड़े हुए शामिल

श्री चावड़ा के मुताबिक इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर से 230 से अधिक मारवाड़ी और नूकरा (नुक्ले) नस्ल के घोड़े शामिल हुए हैं। घोड़ों की शान, चाल, बनावट और प्रशिक्षण को लेकर होने वाली प्रतियोगिताओं को देखने के लिए अश्व प्रेमियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
पहले दिन यह अश्व रहे विजयी
पहले दिन नूकरा प्रतियोगिता हुई, जिसे देख अश्वप्रेमी अचंभित रह गए। प्रशिक्षित घोड़ों द्वारा प्रस्तुत डांस और अनुशासित चाल दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र थी। पहले दिन प्रतियोगिता में घोड़े रूद्राक्ष ने प्रथम स्थान पाया, इसके मालिक ईश्वरगिरि हैं, जो इंदौर पालाखेड़ी निवासी हैं। इसी प्रकार राजस्थान निवासी जीवाराम के दिलेर ने द्वितीय तथा तीसरे स्थान पर उदयपुर राजस्थान के दीपक पटेल का बादल रहा। घोडिय़ों की प्रतियोगिता में इंदौर की दीनू राठौर की अनमोल प्रथम रही, जबकि द्वितीय स्थान पदमश्री जिसके मालिक अमन शुक्ला छोटा बांगड़दा तथा तृतीय स्थान पर बेटमा के रूस्तम खान की जोधा रहीं। प्रतियोगिता में निर्णय निर्णायक कमेटी के केशव जोशी महाराष्ट्र, अन्ना हराले महाराष्ट्र और परम गिल पंजाब की टीम ने अश्व को 6 केटेगरी में प्रथम द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए ।
