
इंदौर
लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मेरा युवा भारत, इंदौर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर “My Bharat, My Vote” थीम के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
जिला युवा अधिकारी श्री पंकज गोस्वामी ने बताया कि साईं बाबा पब्लिक स्कूल से शुरू हुई इस रैली में लगभग 100 युवा शामिल हुए, जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर वोट देने के लिए पात्र हैं। रैली का उद्देश्य युवाओं को उनके मताधिकार के महत्व से अवगत कराना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। यह दिवस नागरिकों, विशेषकर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और यह संदेश देने के लिए मनाया जाता है कि एक-एक वोट देश की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है। मतदान न केवल अधिकार है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है।
साइकिल रैली के बाद माता जीजाबाई शासकीय महाविद्यालय में मतदाता शपथ कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया और नए मतदाताओं का स्वागत एवं सम्मान करते हुए उन्हें फूल भेंट किए गए।
इस आयोजन में लेखापाल श्री आशीष जैन, खेल विभाग की ब्लॉक समन्वयक सुश्री लीना श्रीवास, श्री अशोक यादव, सुश्री सीमा सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया।
