
पंच-ज अभियान के अंतर्गत जन, जल, जंगल, जमीन और जानवर के संरक्षण एवं संवर्धन तथा मौलिक कर्तव्य विषय पर चित्रकला/सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित
इंदौर
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं न्यायमूर्ति श्री विजय कुमार शुक्ला प्रशासनिक न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के निर्देशन में उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति इंदौर द्वारा भारतीय स्टेट बैंक इंदौर के सहयोग से पंच-ज अभियान के अंतर्गत चित्रकला/सांस्कृतिक प्रतियोगिता कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। उक्त प्रतियोगिता पंच-ज अभियान के अंतर्गत जन, जल, जंगल, जमीन और जानवर के संरक्षण एवं संवर्धन तथा भारत के संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से की गई। प्रतियोगिता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और दिव्यांग बच्चों द्वारा सहभागिता की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों में पर्यावरणीय चेतना, मानवीय संवेदनशीलता तथा संवैधानिक दायित्वबोध को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रंगों एवं रेखाओं के माध्यम से जल संरक्षण, वन एवं भूमि संरक्षण, वन्यजीव एवं पशु-कल्याण, मानव-प्रकृति संतुलन तथा संविधान के अनुच्छेद 51-क में वर्णित मौलिक कर्तव्यों को प्रभावशाली रूप में अभिव्यक्त किया। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के अंतर्गत देशभक्ति गीत, एकल गायन, समूह नृत्य एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा नागरिक कर्तव्यों के महत्व को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की सृजनात्मकता, विषय-वस्तु की प्रासंगिकता, प्रस्तुति-कौशल एवं संदेश की स्पष्टता के आधार पर चयन समिति द्वारा मूल्यांकन किया गया। चित्रकला में आयु वर्ग 1 से 8 बर्ष, में प्रथम स्थान पर धवनिल आमखरे, द्वितीय पर कु तेजस्वनी त्रिपाठी, तृतीय स्थान पर रोशन कलावत 9 से 14 वर्ष में प्रथम श्रावणी शर्मा, द्वितीय आराध्या पांडेय, तृतीय स्थान रितिका निपाने एवं 15 से 18 वर्ष में प्रथम कशिश बाथम, द्वितीय पर नंदनी कुशवाह, एवं तृतीय स्थान पर आरती कुर्मी रहीं। तीनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हेतु चयनित किया गया, विजयी प्रतिभागियों को न्यायमूर्ति श्री विजय कुमार शुक्ला प्रशासनिक न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर व कार्यक्रम में उपस्थित न्यायमूर्तिगण द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधिपति महोदयगण द्वारा भी प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर न्यायमूर्ति श्री विजय कुमार शुक्ला, न्यायमूर्ति श्री सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति श्री प्रणय वर्मा, न्यायमूर्ति श्री मिलिंद रमेश फड़के, न्यायमूर्ति श्री संजीव एस कालगांवकर, न्यायमूर्ति श्री विनय सराफ, न्यायमूर्ति श्री गजेन्द्र सिंह, न्यायमूर्ति श्री पवन द्विवेदी, न्यायमूर्ति श्री हिमांशु जोशी, न्यायमूर्ति श्री आलोक अवस्थी, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति श्री रोहित आर्या, अध्यक्ष उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ श्री रीतेश ईनाणी एवं कार्यकारणी सदस्य, रजिस्ट्री ऑफिसर्स, आनंद सर्विस सोसाइटी के संचालक श्री ज्ञानेन्द्र पुरोहित सहित संस्था के दिव्यांग बच्चे, उच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी एवं उनके अभिवावक, सुरक्षाकर्मी एवं गणमान्य नागरिकों उपस्थित रहे।
न्यायमूर्ति श्री विजय कुमार शुक्ला प्रशासनिक न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर एवं चेयरमैन उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, इंदौर ने यह विश्वास व्यक्त किया कि पंच-ज अभियान के अंतर्गत इस प्रकार के रचनात्मक एवं जन-जागरूकता आधारित आयोजन नागरिकों में न केवल विधिक एवं संवैधानिक चेतना का विस्तार करेंगे, बल्कि भावी पीढ़ी को प्रकृति-संरक्षण, पशु-कल्याण एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिकता की दिशा में प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उच्च न्यायालय द्वारा भविष्य में भी जागरूकता एवं कौशल उन्नयन हेतु इस प्रकार के जनोपयोगी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
