इंदौर
श्री अग्रसेन महासभा द्वारा 13-14 फरवरी को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में विभिन्न समितियों का गठन किया गया। सामूहिक विवाह के लिए सभी तैयारियां “घर जैसी शादी” की तरह की जा रही है। महासभा परिवार की महिलाऐं और नवयुगलों के रिश्तेदार मिलकर 13 फरवरी को महिला संगीत के साथ इस महोत्सव का शुभारम्भ करेंगे। सम्पूर्ण विवाहोत्सव बायपास सहित महासभा के मांगलिक भवन पर सम्पन्न होंगे। दोनों पक्षों के मेहमानों को मांगलिक भवन के वातानुकूलित कक्षों में ठहराया जाएगा।
प्रचार संयोजक अजय आलूवाले एवं सीए एसएन गोयल ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल को स्वागताध्यक्ष, मोहनलाल बंसल एवं अनूप सिंघल को अर्थव्यवस्था, प्रमोद बिंदल को कन्यादान व्यवस्था, सतीश गुप्ता को चल समारोह, अखिलेश गोयल को नेकचार व्यवस्था, कैलाश चोमूवाले को भोजन व्यवस्था समिति का संयोजक मनोनीत किया गया है। महासभा के अध्यक्ष कैलाश नारायण बंसल, मंत्री राजेश मित्तल, प्रमुख संयोजक राजेश जिंदल एवं अरुण आष्टा वाले ने बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन में 21 युगलों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य रखा गया है। महोत्सव का शुभारंभ 13 फरवरी की शाम को महिला संगीत के साथ होगा जिसमें महासभा परिवार की महिलाएं और नवयुगलों के रिश्तेदार मिलकर अपनी गीत- संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। 14 फरवरी को सुबह 8.30 बजे से गणेश पूजन, चाकभात, सामेला, चल समारोह, तोरण एवं अग्नि की साक्षी में विद्वान पंडितों द्वारा 7 फेरों, आशीर्वाद समारोह एवं बिदाई जैसी परंपरागत रस्मों का निर्वहन होगा। प्रत्येक युगल के लिए समाजबन्धुओं के सहयोग से ग्रहस्थी चलाने योग्य 31 उपहार भी भेंट किए जाएँगे। आशीर्वाद समारोह में अनेक वरिष्ठ समाजसेवी एवं अन्य विशिष्ठ अतिथि भी आमंत्रित किए गए हैं।
