हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में मनीष यादव अध्यक्ष चुने गए, करीबी मुकाबले में मनीष यादव ने गौरव श्रीवास्तव को 20 मतों से हराया। सचिव पद पर मनीष गड़कर को सफलता मिली।उपाध्यक्ष और सह सचिव पदों पर क्रमशः अभिषेक तुगनावत और अमित राज चुने गए। एक्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में राहुल पांचाल, तेजस जैन, अमन मालवीय, राशमेंद्र सूर्यवंशी और अर्निक जैन निर्वाचित हुए हैं। कुल 2632 सदस्यों में से 1914 ने मतदान में हिस्सा लिया। देर रात तक मतगणना जारी रही।

शुरुआती राउंड में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव श्रीवास्तव आगे रहे। जबकि अगले चार से पांच राउंड में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। 17वें राउंड के बाद मनीष यादव काफी आगे निकल गए। 20वें राउंड तक मनीष यादव ने बढ़त बनाए रखी और वे 20 वोट से विजयी रहे। उन्हें 512 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी गौरव श्रीवास्तव को 492 वोट मिले। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं, सुविधाओं और हाईकोर्ट परिसर से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे।
