
इंदौर
इंदौर में महिलाओं ने स्कूटर रैली के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया! डीसीपी, ट्रैफिक ने रैली में सम्मिलित होकर सभी से नियम पालन की अपील की। इस रैली में बड़ी संख्या में महिला राइडर्स ने सहभागिता की और सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया।इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन श्री आनंद कलादगी, एआरटीओ श्री मति अर्चना मिश्रा, एआरटीओ श्री राकेश गुप्ता, एसीपी श्री हिंदु सिंह मुवेल, यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी, हौंडा से कार्यक्रम में श्री शशांक राजदान (रीजनल मैनेजर), श्री आशीष गोयल (ज़ोनल इंचार्ज), श्री अभिषेक निरंजन (एरिया इंचार्ज), श्याम होंडा से (एमडी) श्री विशाल पमनानी एवं श्रीमती निधि पमनानी तथा दोषी होंडा से (एमडी) श्री अपूर्वा दोषी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डीसीपी, श्री कलादगी ने अपने उद्बोधन में सभी महिला राइडर्स की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सड़क सुरक्षा सप्ताह को एक सशक्त जनआंदोलन का रूप दे रही है। उन्होंने इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा संचालित “ट्रैफिक प्रहरी अभियान” से जुड़ने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि इस महिला स्कूटर रैली का नेतृत्व स्वयं डीसीपी श्री आनंद कलादगी द्वारा किया गया, जिससे प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा देखने को मिली।यह रैली पलासिया सेल्फी पॉइंट से प्रारंभ होकर घंटाघर, रीगल, मृगनयनी, राजवाड़ा होते हुए पुनः रीगल के रास्ते पलासिया सेल्फी पॉइंट पर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में महिला राइडर्स ने सहभागिता कर सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को सकारात्मक संदेश दिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा बैनर एवं तख्तियों के माध्यम से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित वाहन संचालन जैसे संदेश आमजन तक पहुँचाए गए।
