
इंदौर
इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने झाबुआ प्रवास के दौरान जिला पंचायत झाबुआ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला पंचायत के विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना उपस्थित थीं। संभागायुक्त ने जिले में वाटरशेड प्लान अंतर्गत चयनित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही एकीकृत वाटरशेड प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में चयनित 12 परियोजनाओं के माध्यम से भू-जल स्तर पर पड़े प्रभाव एवं आजीविका संवर्धन हेतु किए गए प्रयासों का अवलोकन कलेक्टर को कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत मटेरियल टेस्टिंग की उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा नल-जल योजनाओं के पूर्ण होने एवं हैंडओवर के मध्य के अंतराल को कम करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान 100 दिवस से अधिक लंबित 112 शिकायतों के कारणों की जानकारी ली एवं शिकायतों के स्वरूप पर भी चर्चा की। इसके साथ ही जिला पंचायत अंतर्गत विभिन्न समितियों की बैठकों की नियमितता एवं प्रगति की समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित निलंबन प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कड़कनाथ मुर्गीपालन को आजीविका का सशक्त साधन बनाए जाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने अंतर-जिला एवं अंतर-राज्य स्तर पर कड़कनाथ की मार्केटिंग को बढ़ावा देने हेतु विशेष प्रयास करने तथा आजीविका मिशन की दीदियों को अधिक संख्या में कड़कनाथ पालन से जोड़ने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री अक्षयसिंह मरकाम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
