स्ट्रॉन्ग सिस्टम से 3 दिन भीगेगा प्रदेश; भोपाल, इंदौर-ग्वालियर में भी अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश का दौर फिर लौटेगा। (मौसम केंद्र), भोपाल ने 31 जनवरी और 1-2 फरवरी को प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा होगा। इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के करीब आधे हिस्से में घना कोहरा छा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 24 जिलों में कहीं हलका तो कहीं मध्यम कोहरा छा रहा है। ग्वालियर, रीवा, शहडोल, सागर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, निवाड़ी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली में भी कोहरे का असर है।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से प्रदेश में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। 31 जनवरी, 1-2 फरवरी को बारिश होने का अलर्ट है। इससे पहले कोहरे का असर बना रहेगा।
अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट
31 जनवरी- ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश का अलर्ट।
1 फरवरी- नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, भोपाल, विदिशा, सागर, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में बारिश का अलर्ट।
2 फरवरी- भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, देवास, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बारिश का अलर्ट।
सिस्टम लौटने के बाद कड़ाके की सर्दी
पहाड़ी राज्य- हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस वजह से समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 241 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं भी बह रही है। इसका असर एमपी में भी दिखाई दे रहा है। गुरुवार को दिन में सर्द हवाएं चलती रही। ग्वालियर-चंबल हिस्से में सर्द हवाओं का असर ज्यादा रहा और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई।
